धनबाद : शहर के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में रविवार की देर शाम एक घायल महिला को इलाज के लिए लाया गया। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि हजारीबाग जिले के गोरहर थाना अंतर्गत 22 वर्षीय अफसाना खातून रविवार को अपने घर से कोविड-19 का वैक्सीन लेने के लिए स्वास्थ्य केंद्र जा रही थी।इसी दौरान अवैध बालू से लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे स्कूटी से जा रही महिला को टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से महिला स्कूटी से गिर पड़ी और ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे धनबाद रेफर कर दिया गया। वही धनबाद पहुंचने के बाद इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
मालूम हो कि वर्ष 2019 में अफसाना खातून का निकाह नईम अंसारी के साथ हुआ था। महिला को एक डेढ़ वर्ष का बच्चा भी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।