रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी डॉ0 रामेश्वर उरांव ने जमशेदपुर के सामाजिक कार्यकर्त्ता दिबेश राज राजा और देवाशीष सिन्हा को बरियातू रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलायी। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरिश रावत के पुत्र और उत्तराखंड कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष वीरेंद्र रावत, प्रदेश कांग्रेस सदस्यता प्रभारी आलोक कुमार दूबे, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव, डा राजेश गुप्ता छोटू,अमूल्य नीरज खलखो और जमशेदपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद समेत अन्य नेता उपस्थित थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ0 रामेश्वर उरांव ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाने के मौके पर कहा कि सभी वर्गों का साथ ही कांग्रेस पार्टी की ताकत रही है। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार की गलत नीतियों से लोगों में निराशा के भाव है, लोगों को गुमराह किया जा रहा है, ऐसे में हमसभी मिलकर संगठन को मजबूत बनाएंगे। पार्टी में नये लोगों और युवाओं के शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में संगठन को और अधिक धारदार बनाने में ताकत मिलेगी।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस सदस्यता प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कहा कि अभी राज्यभर में पार्टी की ओर से सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है, समाज के हर तबके लोग बड़ी संख्या में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे है। युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूर,उद्यमी, बुद्धिजीवी और हर जाति-धर्म के लोग निरंतर संगठन से जुड़ रहे है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में लगातार संगठन मजबूत हो रहा है। वहीं कांग्रेस गठबंधन सरकार जनआकांक्षाओं को पूरा करने में जुटी है।