जमशेदपुर:कोर्ट हाजत से सात जनवरी को फरार कैदी सोनू यादव बुधवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वह पुलिस से बचते हुए कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। सोनू के कोर्ट में सरेंडर करने की सूचना सीतारामडेरा पुलिस को पहले मिल गई थी। इसके बाद सादे लिवास में पुलिस परिसर में उसे पकड़ने के लिए पहुंच गई। इंट्री गेट पर पहुंचते हुए पुलिस ने उसे दबोच लिया और सीतारामडेरा थाना ले गई। पूछताछ में सोनू यादव ने कोर्ट हाजत से फरार होने की पूरी कहानी पुलिस को बताई। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। सोनू के साथ हाजत से भागे अमन लाल अब भी फरार है। अमन लाल और सोनू यादव को कदमा पुलिस ने 27 दिसंबर को बाइक लूटकांड में जेल भेजा था। दोनों को सात जनवारी को दोपहर 1.30 बजे साकची क्वारेंटाइन जेल से कोर्ट हाजत लाया गया था। दोपहर दो बजे के बाद कोर्ट में उनकी पेशी थी। तभी मौका पाकर दोनों फरार हो गए थे। इस संबंध में हाजत प्रभारी नरेश जमशेदपुर कुमार सिंह के बयान पर दोनों कैदियों के भागने का मामला सीतारामडेरा थाना में दर्ज कराया गया था। इसी मामले में डीएसपी सीसीआर अनिमेष गुप्ता की जांच रिपोर्ट के के आधार पर तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है।