हजारीबाग:झारखंड के हजारीबाग पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में पुलिस के जवान परशुराम कुमार के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही युवती की गला रेत कर हत्या कर दी गई। रात 8:00 से 9:00 के बीच घटना को अंजाम दिया गया है,खून से लथपथ अवस्था में रिंकी का शव पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर से बरामद किया गया,शव मिलते ही पुलिस लाइन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार रिंकी कुमारी पुलिस लाइन के निकट ही लक्ष्मी पेट्रोल पंप में काम करती थी।
वहीं पलामू निवासी पुलिस जवान परशुराम कुमार हजारीबाग में पदस्थापित है। परशुराम कुमार की पत्नी का निधन भी कुछ माह पहले संदिग्ध अवस्था में हुआ था। इसके बाद से वह पेट्रोल पंप कर्मी रिंकी कुमारी के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगा।
घटना के बाद परशुराम कुमार ने बताया कि वह गिनती के लिए लाइन में गया था। लाइन से लौटने के बाद जब कमरे में पहुंचा तो खून से लथपथ अवस्था में रिंकी का शव पड़ा हुआ था। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह मामला पूरी तरह संदिग्ध बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, फरवरी माह में परशुराम कुमार की पत्नी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। दोनों की 4 बेटियां नानी के घर में रहती हैं।