रांची:मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत बुधवार को पांच जिलों की 7,04,927 महिलाओं के खाते में करीब 70 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के रांची, खूंटी, सिमडेगा, लोहरदगा और गुमला की महिलाओं को सम्मान राशि देने के लिए नामकुम स्थित ट्रेनिंग ग्राउंड में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा- अब 21 की जगह 18 साल की उम्र से ही लड़कियों को इस योजना का लाभ दिया जाएगा। दो-तीन दिन के भीतर सरकार इस पर आधिकारिक रूप से फैसला ले लेगी। तब तक इस उम्र की लड़कियां सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत राज्यभर में लग रहे कैंपों में आवेदन जमा करें। फैसला होते ही उनके खाते में प्रतिमाह 1000 रुपए जाने लेंगे। सीएम ने कहा कि झारखंड सरकार लड़की के जन्म से मृत्यु तक किसी न किसी योजना से सहायता कर रही है। 18 साल की उम्र तक उन्हें सावित्री बाई फुले व अन्य योजनाओं से लाभ दे रही है। 21 साल की उम्र से मंईयां सम्मान योजना और फिर सर्वजन पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है। सिर्फ 18 से 20 साल की लड़कियों को ही किसी योजना का लाभ नहीं मिल रहा था। इसी गैप को दूर करने के लिए सरकार ने इस योजना के तहत उम्र सीमा घटाई है। उन्होंने फिर दोहराया कि अगले पांच साल में सरकार हर परिवार को एक-
एक लाख रुपए देगी।