जमशेदपुर:जमशेदपुर में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झामुमो मियां-बीवी की पार्टी बन गई है। झामुमो के बैनर से दिशोम गुरु शिबू सोरेन का फोटो गायब हो गया है और उनकी जगह सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन की तस्वीर आ गई है। ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहीं। मरांडी शुक्रवार को जमशेदपुर के तुलसी भवन में आयोजित भाजपा की कोल्हान प्रमंडलीय बैठक में भाग लेने के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी की आगामी कार्ययोजना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जमशेदपुर में प्रस्तावित जनसभा की विस्तृत जानकारी दी।
मरांडी ने बताया कि पीएम मोदी 15 सितंबर को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर विभिन्न कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। उसके बाद वे भाजपा की जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की सभा की सफलता के लिए पार्टी विभिन्न स्तरों तैयारी कर रही है। बिस्टुपुर के गोपाल मैदान में सभा होगी। पीएम के कार्यक्रम को लेकर जिले से मंडल स्तर तक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठकें हो रही हैं, जिनमें कार्यक्रम की सफलता को लेकर रणनीति बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि 8- 9 सितंबर को प्रदेशव्यापी अभियान के तहत बूथ स्तर पर बैठकें होंगी, जिनमें पार्टी कार्यकर्ता बूथों पर जाएंगे और बूथ समिति के साथ बैठक कर वहां की मतदाता सूची और बूथ समिति की समीक्षा करेंगे। यदि कहीं मतदाता सूची में गड़बड़ी मिली तो उसे ठीक कराई जाएगी। इसेक बाद सभी प्रमंडलों में परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। झारखंड में प्रशासनिक दृष्टिकोण से चार प्रमंडल हैं, पर भाजपा ने संगठनात्मक लिहाज से प्रदेश को छह प्रमंडल में बांटा है। इस यात्रा के जरिए हेमंत सरकार की वादाखिलाफी, नाकामियों और विफलताओं को जनता के समक्ष रखा जाएगा। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, दिनेशानंद गोस्वामी, एमपी विद्युत वरण महतो, पूर्व सीएम मधु कोड़ा आदि थे।