रांची:बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्व में बने डीप डिप्रेशन (निम्न दबाव) का असर शनिवार को रांची सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में दिखा। सुबह से शाम तक रुक-रुक कर बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल से झारखंड होते हुए छत्तीसगढ़ तक डीप डिप्रेशन का क्षेत्र बन रहा है। झारखंड में 15 सितंबर को इसके सबसे ज्यादा असर दिखेगा। इसलिए रविवार को रांची, रामगढ़, खूंटी, सिमडेगा और गुमला में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम और बोकारो में बारिश का ऑरेंज अलट जारी किया गया है। यहां भी भारी बारिश होगी। वहीं चतरा, हजारीबाग, गिरिडीह और पूर्वी सिंहभूम में यलो अलर्ट जारी है। इन स्थानों पर रुक-रुक कर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। उनका गिरने की भी संभावना है। 17 सितंबर से मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि रांची में 20 सितंबर तक बारिश होने की संभावना है।