झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता छोटू ने भाजपा सांसद निशिकांत दूबे द्वारा संसदीय परंपरा और मार्यादाओं के उल्लंघन का आरोप लगाया है और इस तरह की हरकत के लिए भाजपा नेतृत्व से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भारत में वर्षाें से चली आ रही संसदीय परंपरा और मर्यादा का हनन करते हुए लोकसभा में गोड्डा के सांसद निशिकांत दूबे ने बिना कोई साक्ष्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ आरोप लगाने का काम किया, साथ ही स्पीकर की अनुमति के बगैर उस व्यक्ति के खिलाफ अनर्गत और बेबुनियाद आरोप लगाया है, जो उस वक्त उस सदन में उपस्थित नहीं था। उन्होंने निशिकांत दूबे के इस घोर अनैतिक कार्य के लिए निन्दा करते हुए भाजपा नेतृत्व से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा सांसद निशिकांत दूबे जिस युवती का हवाला देकर मुख्यमंत्री पर आरोप लगा रहे है,उसने खुद सोशल मीडिया में वीडियो जारी कर खुद की जान को भाजपा नेताओं से खतरा बताया है,ऐसी हालत में सारी निर्लज्जता त्याग कर निशिकांत दूबे अनर्गल आरोप लगाने में जुटे है। मुद्दा विहीन राजनीति करने वाले भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने जितनी बड़ी बातें कही है इसके लिए उन्हें दंडित किया जाना चाहिए।
प्रदेश प्रवक्ता राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि भाजपा सांसद निशिकांत दूबे की फर्जी डिग्री और उनकी पत्नी द्वारा गलत तरीके से जमीन खरीद किये जाने का मामला लंबित है,इससे बौखलाहट में आकर वे गठबंधन सरकार के मुखिया पर अनर्गल आरोप लगा रहे है, जबकि झारखंड पुलिस उनके खिलाफ निष्पक्ष तरीके से जांच में जुटी है और कानून अपना काम कर रहा है, जल्द ही उनकी पूरी सच्चाई जनता के सामने आ जाएगी।