रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ0 रामेश्वर उरांव आउटरीच अभियान और कांग्रेस सदस्यता अभियान की समीक्षा को लेकर आज एकदिवसीय दौरे पर रामगढ़ पहुंचे। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सह सदस्यता प्रभारी आलोक कुमार दूबे और प्रवक्ता डॉ0 राजेश गुप्ता छोटू,जयशंकर पाठक भी साथ में मौजूद थे।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कोरोना गाइडलाइन को लेकर रामगढ़ और हजारीबाग जिले के पार्टी के प्रखंड अध्यक्षों,कोरोना योद्धाओं एवं पदाधिकारियों के साथ आउटरीच अभियान और कांग्रेस सदस्यता अभियान की समीक्षा की और पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में डॉ0 रामेश्वर उरांव ने कहा कि पार्टी के कोरोना योद्धा 30 जुलाई तक आउटरीच अभियान की समीक्षा कर प्रदेश कार्यालय को आंकड़ा निर्धारित फॉर्म में भर कर जमा कर दें। इसे केंद्रीय नेतृत्व को सौंपा जाना है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण सदस्यता अभियान भी थम गया था, अब सदस्यता अभियान के माध्यम से एक बार फिर से गांव-गांव पहुंच कर लोगों को पार्टी का प्राथमिक सदस्य बनाना है और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना है।आक्सीजन की कमी को लेकर पूछे गए प्रश्न के जवाब में डा उराँव ने कहा कि आक्सीजन की कमी से अगर मौत नहीं हुई है तो भाजपा के नेता अयोध्या में जाकर भगवान राम की कसम खाकर कहें कि आक्सीजन की कमी से मौत नहीं हुई है।संक्रमित लोगों का डाटा जब हम केंद्र सरकार को देंगे तो सुप्रीम कोर्ट के फैसले के आलोक में जिनकी मृत्यु कोरोनावायरस से हुई है उन्हें केंद्र सरकार को मुआवजा देना पड़ेगा। उन्होंने कहा सदस्यता का काम कोरोना की वजह से थम गया था, हमने सदस्यता प्रभारी आलोक दूबे से कहा है कि इसको गति प्रदान करें।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सदस्यता अभियान प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कहा कि सभी जिलों में सदस्यता अभियान को गति देने के उद्देश्य से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गयी है और सभी प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने जिलों में जाकर सदस्यता अभियान को गति प्रदान करें।आलोक दूबे ने कहा 15 लाख नए सदस्यों का लक्ष्य पार्टी द्वारा निर्धारित किया गया है जिसे हम सब के सहयोग से पूरा करेंगे।
रामगढ़ की विधायक ममता देवी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने महामारी में सबसे ज्यादा काम किया है, अपने परिवार को छोड़कर बीमारी की परवाह ना करते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लोगों की सहायता की। मैं खुद भी पीपीई किट पहन कर लोगों को मदद किया। उन्होंने कहा आउटरीच सर्वे अभियान के माध्यम से संक्रमण की जानकारी हासिल कर रहे हैं वह काफी सराहनीय है।
बड़कागांव के विधायक अम्बा प्रसाद ने कहा कोरोना संक्रमण में नुकसान हुए लोगों का डाटाबेस तैयार करने में कोरोना योद्धाओं की महती भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। जो आंकड़े घर घर जाकर हम पता कर रहे हैं वह सच्चाई केंद्र सरकार के आंकड़ों से काफी अलग है। 30 जुलाई तक हम सभी प्रदेश मुख्यालय को डेटाबेस उपलब्ध कर देंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डा राजेश गुप्ता छोटू ने आउटरीच अभियान में लगे कोरोना योद्धाओं का हौसला बढ़ाया।
पंचायती राज्य संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जयशंकर पाठक ने धन्यवाद दिया।समीक्षात्मक बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष संजय लाल पासवान, वरीष्ठ कांग्रेस नेता शहजादा अनवर, रामगढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुन्ना पासवान, हजारीबाग जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह,मदन मोहन शर्मा,मुकेश यादव,सरयू यादव,रेयाज अहमद मुख्य रुप से उपस्थित थे।कार्यक्रम का संचालन शांतनु मिश्रा ने किया।