नमस्कार! हमारे न्यूज वेबसाइट झारखंड न्यूजरूम में आपका स्वागत है, खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें +91 6204144174. हमारे यूटूब चैनल को सब्सक्राइब करें, फेसबुक, ट्विटर को लाइक और फॉलो/शेयर जरूर करें।
झारखंड

पांच करोड़ की लागत से भव्य बनेगा जयपाल सिंह स्टेडियम, लगेंगी फ्लड लाइट्स

रांची नगर निगम ने तैयार किया स्टेडियम की कायापलट का खाका, जल्द निकलेगा टेंडर
रांची। वरीय संवाददातारांची नगर निगम कचहरी रोड स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम की कायापलट करने जा रहा है। इस स्टेडियम का 5 करोड़ रुपए की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा। स्टेडियम में फ्लड लाइट्स लगाई जाएंगी, ताकि लोग रात में भी खेल सकें। रांची नगर निगम ने जयपाल सिंह स्टेडियम के जीर्णोद्धार का खाका तैयार कर लिया है। जल्दी ही इसका टेंडर निकाला जाएगा।
गौरतलब है कि साल 1928 में ओलंपिक में इंडिया को गोल्ड मेडल दिलाने वाली हाकी टीम के कैप्टन मारंग गोमके जयपाल सिंह की याद में शहर के बीचोबीच में बने इस स्टेडियम की अब सूरत बदलने वाली है। जयपाल सिंह स्टेडियम अभी जर्जर हालत में है। अब इसे खूबसूरत बनाया जाएगा। स्टेडियम में फ्लड लाइट्स लगाई जाएंगी, ताकि खिलाड़ी दिल्ली और मुंबई के स्टेडियम की तर्ज पर यहां रात में भी खेल सकें। रांची नगर निगम के नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने बताया की यह स्टेडियम अगली बार जयपाल सिंह की जयंती के मौके पर तैयार हो जाएगा। ताकि अगली बार तीन जनवरी को जब यहां मरांग गोमके जयपाल सिंह की जयंती मने तो स्टेडियम मुकम्मल तौर से खूबसूरत दिखे।
—–
बनेंगे फुटबॉल मैदान व लॉन टेनिस कोर्ट
जयपाल सिंह स्टेडियम में फुटबॉल मैदान बनाया जाएगा। इसके अलावा लॉन टेनिस व बास्केटबॉल का कोर्ट भी बनाया जाएगा। मैदान में बैठकर मैच देखने के लिए गैलरी का निर्माण किया जाएगा।
—-
स्टेडियम को चार चांद लगाएंगे फव्वारे
रांची नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि जयपाल सिंह स्टेडियम में कंक्रीट का कोई काम नहीं किया जाएगा। ज्यादातर ओपन स्पेस रहेगा, हरियाली रहेगी और लैंडस्केप तैयार होगा। स्टेडियम को चार चांद लगाने के लिए फव्वारे का निर्माण होगा। स्टेडियम के चारों तरफ पाथवे बनाया जाएगा, ताकि लोग सुबह मॉर्निंग वॉक कर सकें। यहां एक टॉयलेट भी बनाया जाएगा।
—-
लगाई जाएगी जयपाल सिंह की आदम कद प्रतिमा
जयपाल सिंह स्टेडियम में जयपाल सिंह की आदम कद प्रतिमा लगाई जाएगी। अभी जो प्रतिमा लगी हुई है वह काफी छोटी है और इस स्टेडियम के आकार पर फिट नहीं बैठ रही है। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि यहां अच्छी और बड़ी प्रतिमा लगाई जाएगी।

स्टेडियम में नहीं बनेगा कैफेटेरिया
स्टेडियम में पहले एक कैफेटेरिया बनाने का प्लान भी इसमें शामिल किया गया था। लेकिन बाद में नगर निगम के अधिकारियों ने इस पर मंथन किया और तय किया कि कैफेटेरिया नहीं बनाया जाएगा। कैफेटेरिया बनने से स्टेडियम में गंदगी फैलेगी।

जयपाल सिंह स्टेडियम के जीर्णोद्धार का खाका तैयार कर लिया गया है। जल्द ही इसका टेंडर निकाला जाएगा। अगली बार जब जयपाल सिंह की जयंती मनाई जाएगी। तब तक स्टेडियम बनकर तैयार हो जाएगा।
मुकेश कुमार, नगर आयुक्त रांची नगर निगम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button