रांची: रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र के गोला-टांडिल रोड पर बेटूलकला शुक्रवार बाजार के पास शनिवार की शाम करीब पांच बजे बाइक सवार 3 अपराधियों ने 28 साल के युवक राजेंद्र मांझी को गोली मार दी। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे घायल अवस्था में पहले गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। राजेंद्र मांझी को शाम 6:15 बजे रिम्स लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार गोला प्रखंड के टांडिल गांव निवासी युवक राजेंद्र मांझी अपनी पत्नी और बहन के साथ रजरप्पा मंदिर से पूजा कर वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी बेटूलकला शुक्रवार बाजार के पास पहले से घात लगाए खड़े बाइक सवार 3 अपराधियों ने उसे रोका। फिर एक अपराधी ने रिवाल्वर निकालकर राजेंद्र के सीने से सटा कर एक गोली चला दी। इसके बाद तीनों बाइक पर सवार होकर भाग निकले। गोली की आवाज सुन बाजार में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, बाइक सवार अपराधी युवक को गोली मारने के बाद बेटूलकला गांव के रास्ते से होकर भाग निकले।
Related Articles
Check Also
Close